देश के गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो शुरू हो गया है। अमित शाह अपने काफिले के साथ सांगानेरी गेट पहुंचे। अमित शाह ने के साथ में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहे। अमित शाह ने दीया कुमारी उपमुख्यमंत्री राजस्थान से मुलाकात की। जयपुर की लोकसभा प्रत्याशी मंजू शर्मा से मुलाकात की और वहां मौजूद सभी नेताओं से मुलाकात कर अमित शाह अपने रथ में सवार होकर रोड शो के लिए आगे बढ़े। अमित शाह जब सांगानेरी गेट से रोड शो करने के लिए आगे बढ़े तो सबसे पहले गणेश जी को हाथ जोड़कर नमन किया। अमित शाह को मुख्यमंत्री ने राजस्थानी साफा पहनकर उनका स्वागत किया। रोड शो हनुमान मंदिर से शुरू हो रहा है इसलिए अमित शाह का गदा देकर स्वागत किया गया।
अमित शाह की रैली में आगे आगे चलने वाली महिलाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। एक तरफ अमित शाह के आने का इंतजार हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ महिला मोर्चा 'फूल नहीं चिंगारी है, हम भारत की नारी हैं' का नारा देते उत्साह दिखा रही हैं।
आपके हाथ में शक्ति है, बोलीं प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि आप कुछ देख नहीं रहे हैं, मोदी जी जो कुछ कर रहे हैं। इससे आपका नुकसान हो रहा है, मोदीजी का नहीं। ना ही इसमें मेरा नुकसान हो रहा है क्योंकि आपकी कृपा से हम सबका भविष्य सुरक्षित है लेकिन आपके भविष्य का क्या? आपका भविष्य सुरक्षित रखने का काम कौन कर रहा है? उद्योगपतियों की शादी में लाखों-करोड़ों खर्च करने की बात आप सुन रहे हो लेकिन किसान अपनी बेटी की शादी कर्ज लेकर कर रहा है। क्या आप सबने मान लिया है कि ये सब ऐसे ही चलेगा? इस स्थिति को बदलने की शक्ति आपके हाथ में है। मैं सिर्फ आपको जागरूक बनने की बात कह रही हूं।
नोटबंदी की बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि नोटबंदी करके आपने सबको कतार में खड़ा कर दिया। मेरे बच्चों की टीचर ने मुझे बताया कि उनकी 85 साल की मां ने पैसे इकट्ठे करके पलंग के नीचे छुपाकर रखे थे। नोटबंदी के समय पैसे देने पड़े। मोदीजी ने कहा काला धन आएगा। आठ साल बाद काले धन की सूची आ गई कि किसने कितना चंदा दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव हैं इसलिए यह नहीं कह रही हूं। मुझे सचमुच दुख होता है। आपके-मेरे पूर्वजों ने देश के लिए जान दी है। मैंने अपनी दादी और पिता की शहादत देखी है। हमारी हिंदू धर्म की परंपरा है। लेकिन हमने क्या सत्ता के कारण भगवान राम को पूजा है? सत्ता को पूजना हमारा धर्म नहीं है। हमारे धर्म ने हमें सिखाया है कि हमारी श्रद्धा उसके प्रति है, जिसने सेवा भाव से, आदर से जनता की सेवा की। हम सब इसी भावना को अपने नेता में ढूंढते हैं। हो सकता है कि आप लोगों ने मोदीजी के मन में यह भावना देखी हो, लेकिन आज की क्या परिस्थिति है, आप देखिये। सत्ता के लिए सरकारें तोड़ी जा रही हैं। पैसों के बल पर विधायक खरीदे जा रहे हैं। आपकी सेवा भावना और नैतिकता कहां है?
पहले 400 में क्यों नहीं दिया सिलेंडर
प्रियंका ने कहा कि सरकार ने हर चीज में जीएसटी लगा दिया है। उद्योगपतियों के बड़े-बड़े लोन माफ कर दिए लेकिन किसान 10 हजार रुपये के लिए आत्महत्या कर रहा है। शादियों के लिए कर्ज लेना पड़ता है। आपका कर्ज माफ नहीं होता। आपके संघर्ष ने देश को बनाया है लेकिन आपके संघर्ष की आवाज कोई नहीं सुन रहा।
उन्होंने कहा कि महंगाई बहुत बढ़ गई है। चुनाव आने से पहले आप 1100-1200 का गैस सिलेंडर खरीद रहे थे, अब चुनाव आ गए तो कहते हैं कि 400 में सिलेंडर ले लो। जब अभी 400 में दे रहे हो तो पहले क्यों नहीं दिया।
दौसा के बांदीकुई पहुंचीं प्रियंका
दौसा लोकसभा क्षेत्र के बांदीकुई पहुंचकर प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छा थी कि कुछ करेंगे लेकिन बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा कुछ नहीं कर पाए। मुझे लगता है इनकी बातें हल्की पड़ रही हैं। इनके नेता कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी तो हम संविधान बदल देंगे। फिर दूसरी तरफ मंच पर मोदीजी संविधान की बातें करते हैं।
प्रियंका यहां कांग्रेस प्रत्याशी मुरारीलाल मीणा के समर्थन में मुकरपुरा बाइपास के समीप चुनावी सभा कर रही हैं।
अलवर में प्रियंका गांधी का रोड शो शुरू, हाथ जोड़कर किया जनता का अभिवादन
अलवर में कंपनी बाग के सामने शहीद स्मारक से प्रियंका का रोड शो शुरू हुआ। लोकसभा चुनावों को लेकर प्रियंका का यह पहला रोड शो है। इस रोड शो में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के अलावा अन्य नेता भी प्रियंका के साथ रथ पर मौजूद थे।
कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में इस रोड शो के दौरान जनता ने अपनी समस्याएं कागज पर लिखकर रथ तक पहुंचाईं। करीब ढाई किमी का रोड शो 50 मिनिट में खत्म। अलवर की आठ विधानसभा सीटों के कार्यकर्ता और विधायक एवं पूर्व एमएलए और युवा नेताओं ने की प्रियंका से मुलाकात।