भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल
- फोटो : अमर उजाला
‘सुबह का भूला शाम को घर आया’
सीताराम अग्रवाल ने कहा कि मेरे राजनीतिक जीवन का आज महत्वपूर्ण दिन है। आज मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं, यह मेरे लिए इस तरह से है कि सुबह का भूला शाम को घर आए। मैं 10 साल पहले रास्ता भूल गया था, अब मुझे रास्ता मिल गया और मैं भाजपा परिवार में शामिल हो रहा हूं। उन्होंने कहा कि देर आए, लेकिन दुरुस्त आए। मैं लेट से आया हूं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पार के सपने को पूरा करने में कहीं पर भी पीछे नहीं रहूंगा। सीताराम अग्रवाल ने कहा कि जैसे ही मेरे भाजपा में शामिल होने की चर्चा सामने आई, उसके बाद से मेरे ऊपर लगातार काफी दबाव रहा। रात एक बजे तक मुझे दबाव में लेने की कोशिश की गई। इसलिए मुझे घर से बाहर तक रहना पड़ा।
सीताराम अग्रवाल ने कहा कि मैं सौगंध खाता हूं कि कभी बीजेपी को धोखा नहीं दूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पार के नारे को हम सब मिलकर साकार करेंगे। राजस्थान में 25 की 25 सीट फिर से बीजेपी जीतेगी, इसके लिए हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जीत तो राजस्थान में बीजेपी की सभी सीटों पर होनी है, लेकिन हमें और अधिक मार्जिन से जीतना है और इसी के लिए हम सब मिलकर आज से ही जुट जाएंगे।
भाजपा नेता दीया कुमारी
- फोटो : अमर उजाला
‘कांग्रेस मुक्त हुआ विद्याधर नगर’
उधर, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि सीताराम अग्रवाल परिवार में शामिल हुए हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में पार्षद और अन्य कांग्रेस नेता भी हैं। इन सभी का भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे। देश में एक बार फिर मोदी सरकार और इस बार 400 पार के नारे को साकार करेंगे।
दीया कुमारी ने कहा कि पिछली बार से ज्यादा मार्जिन से इस बार जनता पार्टी सभी सीटों पर जीते, इसके लिए आज से ही सब को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। दीया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस अफवाह फैला रही है कि वह जीत रही है, लेकिन एक भी सीट पर कांग्रेस की जीत नहीं होगी। कहीं पर भी कांग्रेस चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है। आज विद्याधर नगर कांग्रेस मुक्त हुआ है, लेकिन जल्द ही राजस्थान भी कांग्रेस मुक्त होगा। इसके आगे दीया कुमारी ने कहा कि जिस तरह से कोरोना से मुक्ति मिली है, वैसे ही कांग्रेस से भी मुक्ति मिलेगी।