कूनो नेशनल पार्क से दो मादा चीते ओकाड-1 और ओकाड-2 राजस्थान के बारां स्थित शाहाबाद जंगल पहुंचे। वन विभाग उनकी निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर दो चीते राजस्थान की सीमा में दाखिल हो गए हैं। 'OKAD 1' और 'OKAD 2' नाम के ये दोनों चीते इन दिनों राजस्थान के बारां जिले के शाहबाद वन क्षेत्र में मौजूद हैं। राजस्थान सीमा में प्रवेश करते ही दोनों चीतों ने तेलनी वनखंड 'डी' में दो बकरियों का शिकार किया। शिकार की खबर मिलते ही वन महकमा तुरंत हरकत में आ गया।
चार दिन पहले वीरा भी पहुंची थी
खास बात यह है कि करीब चार दिन पहले मादा चीता वीरा भी इसी इलाके के जंगलों में घूमती देखी गई थी। बाद में वह वापस मध्य प्रदेश की ओर चली गई। अब दो और चीतों के राजस्थान पहुंचने के बाद वन विभाग ने शाहाबाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। डीएफओ विवेकानंद बाड़े चीतों की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। वनकर्मियों की टीमें भी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं।
चीतों के लिए अनुकूल है शाहाबाद का जंगल
शाहाबाद के जंगलों में लगातार चीतों की मौजूदगी को वन विभाग इलाके के अनुकूल वन आवास का संकेत मान रहा है। हालांकि, ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने लोगों से चीतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे चीतों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की गतिविधि या चीते के दिखाई देने की सूचना तुरंत वन अधिकारियों को दें।