जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अंडरपास में भरे पानी के अंदर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दादनपुरा पुलिया के नीचे पानी में शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव दल की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।
दो दिन से लापता था युवक
मृतक की पहचान जगतपुरा कच्ची बस्ती निवासी आशीष बैरवा (26) पुत्र कैलाश बैरवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आशीष करीब दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को अंडरपास के नीचे पानी में शव दिखाई देने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
एसडीआरएफ की मदद से पानी से निकाला शव
शिवदासपुरा थाना पुलिस ने राज्य आपदा मोचन बल की टीम की मदद से पानी के अंदर से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
ये भी पढ़ें-
चित्तौड़गढ़: सत्ता की चाबी के लिए जोड़तोड़ शुरू, रिजॉर्ट में भाजपा के 40 प्रत्याशी; कांग्रेस ने भी खेला दांव
पानी में गिरने से मौत की आशंका
शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि आशीष के करीब दो दिन से लापता होने की जानकारी सामने आई है। शव भी करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में आशंका है कि अंडरपास में भरे पानी में गिरने के कारण आशीष की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मर्ग दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आशीष अंडरपास तक कैसे पहुंचा और पानी में गिरने की परिस्थितियां क्या थीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।