सार
जयपुर में कचौरी खाने के लिए रुके व्यापारी की स्कूटी के आगे रखा बीस लाख रुपये से भरा बैग दो बदमाश लेकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज खंगालना शुरू किया है, लेकिन आरोपियों का अभी कोई सुराग नहीं मिला।
जयपुर में कचौरी खाने के लिए रुके एक व्यापारी की स्कूटी के आगे रखा बीस लाख रुपये से भरा बैग दो बदमाश उठाकर फरार हो गए। व्यापारी स्कूटी पर बैठकर कचौरी खा रहा था, तभी स्कूटी सवार बदमाश आए और बैग लेकर भाग निकले। व्यापारी ने उनका पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कराई, हालांकि आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
घटना सोमवार शाम करीब चार बजे नाहरगढ़ थाना इलाके में हुई। व्यापारी चंपालाल कलेक्शन के काम से निकला था। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुका और रुपयों से भरा बैग स्कूटी के आगे रख दिया। आरोप है कि पहले से रेकी कर रहे दो बदमाशों ने मौका देखकर बैग उठाया और फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बैग गायब होते ही व्यापारी ने बदमाशों का पीछा किया और शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी उनके पीछे दौड़े, लेकिन दोनों बदमाश भागने में सफल रहे। वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह के अनुसार, चंपालाल माणक चौक क्षेत्र से लेकर नाहरगढ़ थाना इलाके तक कलेक्शन का काम करता है। वारदात वाली जगह पर भी उसे रुपये लेने थे। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुका था।