जयपुर में पेंशन खाते का लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराने में मदद के नाम पर 72 वर्षीय बुजुर्ग से डेढ़ लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग को भरोसे में लिया और उनके खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर मुरलीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक कर्मचारी बनकर किया फोन
मुरलीपुरा निवासी विमलेश चंद्र जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताया और पेंशन खाते का लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने में मदद की पेशकश की।
आरोपी ने बुजुर्ग को भरोसा दिलाया कि अगले 24 घंटे में उनका जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट हो जाएगा। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने उस पर भरोसा कर लिया।
यह भी पढें-
रेलवे खबर: जयपुर के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू, सांतरागाछी से 4 नवंबर और खातीपुरा से 6 नवंबर को होगा संचालन
खाते से निकले डेढ़ लाख रुपये
पीड़ित के मुताबिक, रात को मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी जांचने पर उन्हें खाते से रुपये निकलने का पता चला। अलग-अलग लेनदेन के जरिए उनके खाते से कुल डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए गए थे। उन्होंने इन लेनदेन की अनुमति नहीं दी थी।
इसके बाद विमलेश चंद्र जोशी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें कौन शामिल है।