फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Weather: जयपुर में सुबह 6 बजे से बारिश, शहर के कई हिस्सों में जलभराव; 10 अगस्त से और तेज होगा मानसून

Sun, 09 Aug 2026 07:52 AM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में रविवार सुबह 6 बजे से बारिश जारी है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ। मौसम विभाग ने 19 जिलों में येलो अलर्ट दिया, 10 अगस्त से बारिश बढ़ेगी।
विज्ञापन
राजधानी जयपुर में सुबह बारिश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी जयपुर में रविवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। शहर में सुबह करीब 6 बजे से लगातार बारिश हो रही है। लगातार बरसात के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 10 अगस्त से बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश का यह दौर 12-13 अगस्त तक जारी रह सकता है। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

जयपुर में लगातार तीसरे दिन बारिश की झड़ी

जयपुर और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शनिवार को भी शहर में बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिले के कोटखावदा में 2, जमवारामगढ़ में 2, तूंगा में 8, आंधी में 3 और शाहपुरा में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

शहर में रविवार सुबह फिर बारिश शुरू होने से सड़कें गीली हो गईं और कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सुबह के समय बारिश के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन

यह भी पढें- Rajasthan: प्रदेश के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का गौरव, कॉमनवेल्थ में जीते मेडल; साझा किए सफलता के मंत्र

10 से 12 अगस्त के बीच भारी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 से 12 अगस्त के दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है।

चूरू, अलवर, भरतपुर समेत कई जिलों में जलभराव

पिछले दो दिनों से चूरू, अलवर, भरतपुर, नागौर, धौलपुर समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। शेखावाटी के जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है और चूरू शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया।

पिछले 24 घंटे में करौली के हिंडौन में 28, करौली शहर में 30, सवाई माधोपुर के बरनाला में 22, मलारना डूंगर में 26, तलवाड़ा में 21, नागौर के मकराना में 19, हनुमानगढ़ के रावतसर में 22, चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 32, अलवर के कोटकासिम में 66, थानागाजी में 52 और तिजारा में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारिश से कई शहरों में 6 डिग्री तक गिरा पारा

लगातार बारिश और बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। चूरू, सीकर, पिलानी, हनुमानगढ़, सिरोही और झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में भी शनिवार शाम से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें