जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की 23 वर्षीय एमबीए छात्रा की छठी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की एफआईआर दर्ज की गई है। छात्रा के भाई ने अहमदाबाद की निजी कंपनी के सीनियर योगेश मोटियानी पर झूठे वादे कर संबंध बनाने, वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
राजधानी के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र स्थित पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की 23 वर्षीय एमबीए छात्रा की छठी मंजिल से गिरकर हुई मौत के मामले में प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका के भाई ने अहमदाबाद की निजी कंपनी के सीनियर योगेश मोटियानी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एफआईआर में आरोपी पर झूठे वादों और प्रलोभनों से छात्रा को फंसाने, संबंध बनाने तथा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कंपनी में इंटर्नशिप के दौरान बढ़ा संपर्क
छात्रा ब्लू वेव्स लॉजिस्टिक प्रा. लि. नामक कंपनी में अपनी इंटर्नशिप कर रही थी। इसी दौरान वह कंपनी के सीनियर योगेश मोटियानी के संपर्क में आई थी। आरोप है कि योगेश ने छात्रा को झूठे वादों और प्रलोभनों में फंसाकर उसके साथ संबंध बनाए और धोखे से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी उस वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा। वह छात्रा पर बार-बार संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, जिससे छात्रा गहरे मानसिक तनाव में थी।
घटना से दो दिन पहले परिजनों को दी जानकारी
परिजनों के अनुसार, 29 अक्तूबर को छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को आरोपी की ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना के बारे में बताया था। तब परिजनों ने उसे दिलासा दिया और आरोपी का फोन न उठाने की सलाह दी। इसके बाद 31 अक्तूबर को छात्रा परीक्षा देने के लिए पूर्णिमा यूनिवर्सिटी पहुंची थी। आरोप है कि उसी दिन आरोपी ने फोन करके छात्रा को फिर धमकाया और वीडियो वायरल करने की बात कहकर प्रताड़ित किया।
विज्ञापन
आरोपों की गहराई से पड़ताल
31 अक्तूबर को ही परिसर की छठी मंजिल से गिरने के कारण छात्रा की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद परिजनों ने कंपनी के सीनियर योगेश मोटियानी के अलावा यूनिवर्सिटी प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही और उपेक्षा का आरोप लगाया है। परिजनों ने आरोपी योगेश और मामले से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिवदासपुरा थाना पुलिस अब दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सभी आरोपों की गहराई से पड़ताल कर रही है।