जयपुर के मालवीय नगर थाना में एक अजब-गजब मामला सामने आया। यहां एक युवक का पालतू कुत्ता लापता हो गया। अपने कुत्ते की तलाश में मालिक ने उसे खोजकर लाने वाले को एक लाख रुपये के इनाम देने का ऐलान कर दिया। कुत्ते का नाम पॉपकॉर्न है। मालिक ने पूरे शहर में मिसिंग डॉग पॉपकॉर्न के पोस्टर लगवा दिए।
जानकारी के अनुसार शहर के एक नामी ज्वेलर का तीन साल का पालतू डॉग पॉपकॉर्न जयपुर शहर से दो दिन पहले लापता हो गया था। उसकी तलाश के लिए मालिक ने पूरे शहर में पोस्टर लगवा दिए। उसे खोजकर लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी कर दी। साथ ही जयपुर पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा। फुटेज के अनुसार नामी ज्वेलर्स के ट्रेनर को झांसा देकर कुछ बदमाश कुत्ते को अपने साथ ले जाते हुए दिख रहे हैं।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इतनी सब मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस ने कुत्ते को खोज निकाला। पुलिस ने मामले में पॉपकॉर्न को ले जाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है। कुत्ते के मिलने के बाद मालिक उसकी नजर उतरवाने के लिए पॉपकॉर्न को मंदिर ले कर गए। मालिक को अभी कुत्ते की कस्टडी नहीं दी गई। कोर्ट प्रोसिजर की कार्रवाई के बाद ही पॉपकॉर्न परिवादी को सौंपा जाएगा। कुत्ते के मालिक की ओर से पॉपकॉर्न को ढूंढने पर एक लाख का रखा गया था। अब ये इनाम किसको मिलने वाला है यह तय नहीं हुआ है।