Jaipur: स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और नरेश कुमार की टीम ने मौके पर पनीर की जांच की, जिसमें घटिया सामग्री व दुर्गंध पाई गई। आरोपियों की सहमति से 1800 किलो नकली पनीर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस थाना लालकोठी, जयपुर (पूर्व) ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1800 किलोग्राम नकली पनीर को सप्लाई से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) संजीव नैन (IPS) के अनुसार, 8 अगस्त 2025 को गश्त के दौरान सांगानेर गेट पर मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से एक पिकअप (आरजे 32 जीडी 4891) आ रही है, जिसमें मिलावटी पनीर भरा हुआ है।
विज्ञापन
नाकाबंदी के दौरान पिकअप को रोका गया और उसमें बैठे तीन व्यक्ति मनीष पुत्र शाहबुद्दीन, मुफीद पुत्र हारून, और शालीम पुत्र जमील को डिटेन किया गया। गाड़ी की तलाशी में लोहे के 28 बॉक्स मिले, जिनमें पनीर व बर्फ भरा था। आरोपियों ने बताया कि यह पनीर वे हरियाणा के मेवात से अरशद नामक व्यक्ति से लेकर आए हैं और जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने वाले थे।
स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और नरेश कुमार की टीम ने मौके पर पनीर की जांच की, जिसमें घटिया सामग्री व दुर्गंध पाई गई। आरोपियों की सहमति से 1800 किलो नकली पनीर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
तीनों आरोपियों को बीएनएस की धारा 318(4), 272, 274, 275 के तहत गिरफ्तार किया गया। पिकअप और खाली बॉक्स पुलिस ने जब्त कर लिए। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रोजाना हरियाणा से दो पिकअप नकली पनीर जयपुर की थोक दुकानों पर सप्लाई करते थे। पुलिस को पूर्व में हुई वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।