एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाकर 313 अपराधियों और एक गैंग सदस्य को गिरफ्तार किया
- फोटो : Amar Ujala
जयपुर में अपराध पर लगाम कसने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने गुरुवार को बड़े पैमाने पर विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशन और विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश की निगरानी में चलाए गए इस अभियान में हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, गैंग सदस्यों और वांछित आरोपियों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 313 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
चारों जोन में एक साथ चला अभियान
जयपुर उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने एक साथ अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और हिस्ट्रीशीटरों व हार्डकोर अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की निगरानी की गई। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ाई गई, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
313 गिरफ्तार, 14 मामले दर्ज
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 313 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक सक्रिय गैंग सदस्य को भी दबोचा गया। कार्रवाई के दौरान कुल 14 मामले दर्ज किए गए। इनमें:
- आबकारी अधिनियम के 10 मामले
- आर्म्स एक्ट का 1 मामला
- एनडीपीएस एक्ट का 1 मामला
- आरएनसी एक्ट के 2 मामले शामिल हैं।
- इसके अलावा पुलिस ने 173 पव्वे अवैध शराब भी जब्त की।
वारंटों का निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई भी
अभियान के दौरान पुलिस ने न्यायालयों से लंबित मामलों पर भी कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 54 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। इसके साथ ही 12 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया गया तथा 10 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में NDA की महाबैठक आज, CM आवास में विधायक-जिलाध्यक्ष भी जुट रहे
अवैध गतिविधियों पर कसा शिकंजा
पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय गैंग सदस्यों, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया। साथ ही अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई।
जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी
जयपुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।