दिल्ली में बढ़ते एयर ट्रैफिक की वजह से शनिवार रात इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट निर्धारित वक्त पर दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हो पाई। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ने फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया। रात 12:20 पर फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट पहुंची, जिसमें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी अपने परिवार के साथ मौजूद थे।
जयपुर में फ्लाइट उतरने के बाद इसके सभी यात्री लगभग ढाई घंटे एक बार फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरने का इंतजार करते रहे, जिस पर फ्लाइट में मौजूद जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत बड़ी संख्या में पैसेंजर नाराज हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। दरअसल श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जिसमें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी थे को शनिवार रात दिल्ली से जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इस दौरान जयपुर पहुंचकर उमर अब्दुल्ला ने इस गड़बड़ी पर नाराजगी जाहिर की।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: आरएएस के 972 पदों के लिए कल से शुरू होंगे इंटरव्यू, 2168 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया
उन्होंने जयपुर पहुंचे प्लेन की सीढ़ियों पर खड़े होकर एक सेल्फी पोस्ट की और कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट एक खूनी शट शो है (मेरी फ्रेंच भाषा के लिए क्षमा करें, लेकिन मैं विनम्र होने के मूड में नहीं हूं)। जम्मू से हवा में तीन घंटे बिताने के बाद हमें जयपुर डायवर्ट कर दिया गया और मैं यहां सुबह 1 बजे विमान की सीढ़ियों पर ताजी हवा ले रहा हूं। मुझे नहीं पता कि हम यहां से किस समय निकलेंगे। इसके बाद उन्होंने एक्स पर एक और डाली, जिसमें उन्होंने लिखा कि "अगर किसी को आश्चर्य हो रहा है, तो मैं दिल्ली सुबह 3:00 बजे के बाद ही पहुंचा।
इधर उमर अब्दुला की नाराजगी के बाद दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने सफाई देते हुए बताया कि एयर ट्रैफिक में देरी की वजह हवा की दिशा में बदलाव है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए उड़ानों के आने पर कुछ देर के लिए रोक लगाई गई थी।