आईपीएल मैचों से पहले जयपुर का सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम एक बार फिर बम धमकी की जद में आ गया है। मंगलवार दोपहर राजस्थान क्रीड़ा परिषद को ईमेल के जरिए तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले आठ और 12 मई को भी इसी तरह की धमकियां दी जा चुकी हैं। इस बार धमकी के साथ एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। मेल भेजने वाले ने एक रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
ईमेल में लिखा गया कि हम साल 2003 में हैदराबाद के लेमन ट्री होटल में एक लड़की के साथ हुए बलात्कार मामले में पुलिस का ध्यान खींचना चाहते हैं। अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो सवाई मानसिंह स्टेडियम को बम से उड़ा देंगे। इतना ही नहीं, मेल भेजने वाले ने आरोपी के नाम, आधार कार्ड, माता-पिता की जानकारी और दहेज प्रताड़ना से जुड़ी जानकारी भी साझा की है। उसने दावा किया कि आरोपी ने एक करोड़ रुपये दहेज के लिए पीड़िता को प्रताड़ित किया है और उसके ऊपर घर व कार का कर्ज भी है।
यह भी पढ़ें- Sikar News: होटल संचालक से मारपीट कर किया अपहरण, फिर जख्मी हालत में सड़क किनारे फेंककर भागे बदमाश
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेडियम में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। राजस्थान खेल परिषद के सचिव राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह तीसरी बार है जब हमें ऐसी धमकी मिली है। इस बार मामला संवेदनशील है, क्योंकि इसमें एक महिला को न्याय दिलाने की मांग भी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अब मेल भेजने वाले की पहचान, भेजे गए दस्तावेजों की सत्यता और उसमें दिए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
तीन दिन में तीन धमकियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम नागरिकों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच डर और चिंता का माहौल भी बना दिया है। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने जयपुर को आईपीएल के दो अहम मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है, ऐसे में यह सुरक्षा चुनौती और भी गंभीर हो गई है।
यह भी पढ़ें- Jodhpur News: ऑपरेशन सिंदूर के तहत सेना ने पाकिस्तान और आतंकवाद की रीढ़ तोड़ दी, मीडिया में बोले मदन राठौड़
करीब 24,500 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैच के दौरान लगभग 4,000 पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी के चलते किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। साइबर सेल की टीमें लगातार ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। तीसरी धमकी के बाद स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई है। हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।