जयसिंहपुरा खोर में फ्लैग मार्च
- फोटो : सोशल मीडिया
आम चुनावों के मद्देनजर शांतिपूर्ण मतदान कराने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के साथ ही अपराधियों में भय कायम रखने के उद्देश्य से बीएसएफ के जवानों और जयसिंहपुरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर राशि डोगरा डूडी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के लिए शांतिपूर्ण मतदान कराने तथा अपराधियों में भय कायम रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम, जयपुर उत्तर रानू शर्मा के सुपरविजन और बीएसएफ की ई कंपनी 92 बटालियन के प्रभारी एसएस शेखावत के नेतृत्व में बीएसएफ के जवानों और जयसिंहपुरा खोर पुलिस थाना के जवानों ने मानबाग, सुपर बाजार, सब्जी मंडी, शारदा कॉलोनी, मानपुर सड़वा, श्याम वाटिका, नंद वाटिका, लालवास, जामिया नगर विस्तार, नाई की थड़ी होते हुए सायपुरा सहित संपूर्ण इलाके में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से जवान लोकसभा चुनाव के दौरान निष्पक्षता और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान का संदेश दे रहे हैं। लोगों में फ्लैग मार्च को लेकर उत्सुकता का माहौल है। जानकारी के अनुसार यह फ्लैग मार्च इसलिए भी है कि पुलिस व बीएसएफ के जवान क्षेत्र के हर हिस्से को जान सकें ताकि यदि कानून व्यवस्था बिगड़ने जैसी कोई बात सामने आए तो घटनास्थल की जानकारी के आधार पर स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।