जयपुर में आयोजित होने वाला बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार और हनुमंत कथा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम के आयोजक स्वामी राघवेंद्राचार्य महाराज ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उन्होंने नौतपा और भीषण गर्मी को कार्यक्रम स्थगित करने का मुख्य कारण बताया है।
कार्यक्रम 30, 31 मई और 1 जून को लालचंदपुरा में आयोजित होना था। स्वामी राघवेंद्राचार्य महाराज ने बताया कि वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी और नौतपा के कारण भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि कार्यक्रम की नई तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है। स्थगित कार्यक्रम को लेकर भक्तों में निराशा है। स्वामी राघवेंद्राचार्य महाराज ने भक्तों से धैर्य बनाए रखने और आगामी तारीखों की प्रतीक्षा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।