कार्यक्रम में मौजूद दिया कुमारी।
- फोटो : अमर उजाला
गुलाबी नगरी जयपुर में दिपावली की विशेष सजावट का काम शुरू हो चुका है। मंत्री-विधायक अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाकर बाजारों में लाइटिंग का शुभारंभ कर रहे हैं। डिप्टी सीएम दिया कुमारी भी आज शुक्रवार को अपनी विधानसभा में खातीपुरा व्यापार मंडल के कार्यक्रम में शामिल हुईं। विद्याधरनगर विधानसभा में आने वाले खातीपुरा व्यापार मंडल को अब रानी बाजार व्यापार मंडल के नाम से जाना जाएगा। यह एलान खुद डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने शुक्रवार को इस व्यापार मंडल के कार्यक्रम में शामिल होकर किया।
विद्याधर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध हूं
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को सीकर रोड व्यापार मंडल द्वारा की जा रही बाज़ार साज-सज्जा में लाइट डेकोरेशन का शुभारम्भ किया। इस मौक़े पर हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य जी भी मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को त्योहारों की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की पूरी टीम विद्याधर नगर के सर्वांगीण विकास के लिए वचनबद्ध हैं और तेजी से विकास के काम शुरू किए जा रहे हैं।
कार्नीवाल का भी शुभारम्भ किया
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने खातीपुरा व्यापार मंडल दिवाली कार्नीवाल का भी शुभारम्भ किया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान मंच से इस व्यापार मंडल के नए नाम रानी बाजार व्यापार मंडल किए जाने की जानकारी भी दी। इस मौक़े पर जयपुर हेरिटेज मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर तथा पार्षदगण मौजूद रहे। दिया कुमारी ने उपस्थित व्यापारियों को आश्वासन दिया की विकास से संबंधित उनकी सभी मांगों पर कार्रवाई की जाएगी।