जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने एक बिजनेसमैन के घर के बाहर खड़ी थार गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। बदमाश बाइक पर आए थे और उन्होंने पहले गाड़ी पर पेट्रोल डाला, फिर माचिस की तीली जलाकर फेंक दी। पूरा घटनाक्रम घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित बिजनेसमैन ने फुटेज के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
सांगानेर के सचिवालय नगर निवासी 50 वर्षीय प्रदीप, जो कटर मशीन के व्यवसाय से जुड़े हैं, हर रोज की तरह 20 मार्च की रात करीब 10 बजे घर लौटे थे। उन्होंने अपनी थार गाड़ी घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी कर दी। रात के तीन बजे के करीब पड़ोसियों ने देखा कि गाड़ी से भीषण आग की लपटें उठ रही हैं।
जैसे ही प्रदीप को इस घटना की जानकारी मिली, वे भागते हुए बाहर आए और पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस को फौरन इस संबंध में सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक थार पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।
घटना के पीछे का कारण जानने के लिए घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में दो बदमाश बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। ये दोनों 20 मार्च की रात 2:50 बजे बाइक से आए थे। फुटेज में नजर आ रहा है कि बाइक पर पीछे बैठा बदमाश नीचे उतरा और थार के ऊपर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद वह तुरंत बाइक पर बैठ गया फिर बाइक चला रहे युवक ने माचिस की तीली जलाई और थार पर फेंक दी। पेट्रोल के कारण थार तुरंत आग की लपटों में घिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश महज 20 सेकंड के भीतर बाइक से फरार हो गए।
सांगानेर सदर थाना प्रभारी अनिल जैमन ने बताया कि पीड़ित बिजनेसमैन प्रदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में दो युवक बाइक पर सवार होकर थार जलाते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस इस मामले में पुरानी रंजिश, रंगदारी या अन्य किसी एंगल से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।