राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख और नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब वो जून के बाद ही सड़कों पर उतरेंगे क्योंकि डॉक्टरों ने उन्हें धूप से बचने की सलाह दी है। बेनीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि डॉक्टरों ने पायलट साहब से कहा है कि अगर आप धूप में निकल गए तो काले हो जाओगे, इसलिए वो जून के बाद बारिश आने पर ही आंदोलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि अब नेताओं को जनता के बीच आना चाहिए लेकिन पायलट जैसे नेता सिर्फ अनुकूल मौसम का इंतजार कर रहे हैं। बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने दो बार पायलट की मदद की लेकिन पायलट ने उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अब पायलट साहब पहले मेरा कर्ज तो उतारें, जो मैंने उनके लिए किया है।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: शहीद स्मारक पर सातवें दिन भी डटे रहे बेनीवाल, मुख्यमंत्री से की निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस पार्टी के संविधान बचाओ आंदोलन को लेकर बेनीवाल ने मल्लिकार्जुन खड़गे पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि खड़गे साहब की उम्र हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी अब उन्हें पकड़-पकड़कर ले जाती है, कहीं जयपुर के मौसम में कुछ अनहोनी हो गई तो कौन जिम्मेदार होगा?
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के संबंधों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बीजेपी ने अपने कुछ नेता कांग्रेस में फिट कर रखे हैं, जो समय-समय पर बयानबाजी कर पार्टी को हास्यास्पद स्थिति में ला देते हैं।