एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पुलिस मुख्यालय की टीम ने दौसा जिले के कलेक्ट्रेट सर्कल से 25 हजार के इनामी बदमाश भवानी सिंह मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। भवानी सिंह पिछले पांच सालों से उदई मोड़ थाने में दर्ज चोरी के मामले में वांछित था और अहमदाबाद भागने की फिराक में था।
एडीजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स एवं अपराध, दिनेश एमएन ने बताया कि भवानी सिंह मीणा राज्य के सात जिलों और जयपुर के सात थानों में दर्ज 18 आपराधिक मामलों में शामिल हैं। इनमें डकैती, अपहरण, आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं। जयपुर के सदर, लाल कोठी, आदर्श नगर, मानसरोवर, विश्वकर्मा, वैशाली नगर और चंदवाजी थानों में भी इसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।
उदई मोड़ थाने में 2019 में दर्ज स्क्रैप से भरे बोलेरो पिकअप की चोरी के मामले में भवानी सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। एडीजी एमएन ने बताया कि डीआईजी योगेश यादव के सुपरविजन और एएसपी एजीटीएफ विद्या प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम भरतपुर रेंज की ओर भेजी गई थी। एएसआई शैलेंद्र कुमार और कांस्टेबल बृजेश कुमार को सूचना मिली कि भवानी मीणा दौसा में है और अहमदाबाद भागने की योजना बना रहा है।
सूचना के आधार पर एजीटीएफ टीम ने दौसा पहुंचकर भवानी सिंह को कलेक्ट्रेट सर्कल के पास घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भवानी सिंह मीणा बताया। उसे आगे की कार्रवाई के लिए उदई मोड़ पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस कार्रवाई में एएसआई शैलेंद्र कुमार, कांस्टेबल बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल मदनलाल शर्मा, सोहन देव, कांस्टेबल अरुण कुमार और कुलदीप सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।