जयपुर के बगरू इलाके में एनएच 48 पर शनिवार को एक एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा छितरौली स्टैंड के पास हुआ। दुर्घटना में एम्बुलेंस में सवार एक महिला और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार एम्बुलेंस किशनगंज से जयपुर जा रही थी और इसमें एक मरीज को अस्पताल ले जाया जा रहा था। हाईवे पर पहले से हुए एक ट्रेलर हादसे के कारण सड़क पर तेल फैल गया था। बताया गया है कि तेल भरे टैंकर को ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी, जिससे टैंकर पलट गया और सड़क पर तेल बिखर गया। इसी फिसलन के कारण एम्बुलेंस का चालक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रॉले से टकरा गया।
ये भी पढ़ें: Jodhpur News: जोधपुर में नाकाबंदी तोड़कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर विक्रम जाणी की तलाश जारी
बगरू पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हादसे में मारे गए दोनों शवों को कब्जे में लिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और इलाके की यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।
पुलिस ने बताया कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या सड़क पर उचित चेतावनी और सुरक्षा उपाय मौजूद थे। स्थानीय प्रशासन ने भी सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे हाईवे पर सावधानी से गाड़ी चलाएं और सड़क पर फैले तेल या अन्य खतरों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।