राजस्थान विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जयपुर में तेंदुओं की आवाजाही का मुद्दा उठा। सरकार ने बताया कि बीते एक साल में शहर के सात इलाकों में तेंदुए देखे गए, लेकिन किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई। वन विभाग ने सभी मामलों में तेंदुओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा। वन मंत्री ने शहर में वन्यजीव मूवमेंट की सूचना के लिए 24 घंटे सक्रिय 1926 हेल्पलाइन जल्द शुरू करने और महाराष्ट्र की तर्ज पर इमरजेंसी प्रीडेटर प्रोटोकॉल लागू करने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी।
विधानसभा में सरकार ने सदन को बताया कि बीते एक साल में जयपुर में 7 अलग-अलग जगहों पर लेपर्ड मूवमेंट हुआ है। हालांकि इसमें किसी भी मामले में लेपर्ड ने किसी इंसान की जान नहीं ली। वन विभाग ने लेपर्ड को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
गत एक साल में जयपुर शहर की आबादी क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट हुआ है, का विवरण निम्नानुसार है–
| क्र.सं. | दिनांक | वन्यजीव का नाम | स्थान | स्थिति |
|---|---|---|---|---|
| 1 | 07.02.25 | तेंदुआ | हरिनगर जगतपुरा | मादा तेंदुआ हरिनगर जगतपुरा कॉलोनी के एक घर में मिली। रेस्क्यू टीम व स्टाफ द्वारा तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए को जंगल जोन नं. 2 खिलावड़ा में छोड़ दिया गया। |
| 2 | 09.04.25 | तेंदुआ | सेंट्रल पार्क | मादा तेंदुआ सेंट्रल पार्क में मिली। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए का उपचार कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। |
| 3 | 24.08.25 | तेंदुआ | गोपालपुरा पुलिस के पास एन.टी. रोड | नर तेंदुआ गोपालपुरा पुलिस के पास एन.टी. रोड पर देखा गया। रेस्क्यू टीम व स्टाफ द्वारा तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए को आमागढ़ वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। |
| 4 | 24.08.25 | तेंदुआ | MNIT CAMPUS मालवीय नगर | MNIT CAMPUS मालवीय नगर जयपुर में तेंदुए का लगातार मूवमेंट होने के कारण उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। रेस्क्यू स्टाफ द्वारा पिंजरे में बंद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए को आमागढ़ वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। |
| 5 | 20.11.25 | तेंदुआ | सिविल लाइंस जयपुर | नर तेंदुआ सिविल लाइंस जयपुर में मिला। रेस्क्यू टीम द्वारा तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए को केलादेवी छोड़ा गया। |
| 6 | 28.11.25 | तेंदुआ | चांदपोल सरोज सिनेमा के पास | तेंदुए का लगातार सरोज सिनेमा के पास जयपुर में मूवमेंट होने के कारण तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर लिया गया। उच्चाधिकारियों के आदेशों की पालना में तेंदुए को खेड़ली-अलवर में छोड़ा गया। |
| 7 | 15.11.25 | तेंदुआ | गुर्जर घाटी | गुर्जर घाटी क्षेत्र में तेंदुए का दिनांक 15.11.25 को मूवमेंट होने पर तेंदुए को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया। जिसके उपरांत ग्रामीणों ने तेंदुए की रिपोर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के शरीर पर चोटों के कारण मृत्यु होना पाया गया। जिसके उपरांत प्रकरण दर्ज कर जांच (Investigation) की कार्यवाही की जा रही है। |