प्रदेश की राजधानी में बीते कुछ दिनों में अपराध की कई अहम घटनाएं सामने आईं, जिनमें से सबसे बड़ी सफलता एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को मिली है। एजीटीएफ ने लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा जैसे कुख्यात गैंगस्टरों के दुबई नेटवर्क से जुड़े मास्टर माइंड इलियास खान को जयपुर में गिरफ्तार किया है। इलियास दुबई में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत था और फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर गैंग के सदस्यों को पनाह देता था। वह हवाला के जरिए धन प्रेषण और सुरक्षित ठिकानों की व्यवस्था में भी अहम भूमिका निभाता था।
एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में डीआईजी योगेश यादव और एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने फतेहपुर, सीकर के रामगढ़ सेठान में छापेमारी कर इलियास को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि उसने जयपुर के फल व्यापारी सलीम खान की रेकी भी करवाई थी। दुबई में भी वह फर्जी आईडी मामले में सजा काट चुका है। उसकी गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Udaipur: पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में 27 KM तक वीडियो कोच का पीछाकर तस्करों को पकड़ा, भारी मात्रा में शराब बरामद
नाबालिग लड़की का अपहरण
इधर जयपुर के कोटखावदा थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी उसका रिश्तेदार है, जो घर पर अक्सर आता-जाता था। 6 अप्रैल को आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। साथ ही घर की अलमारी से 50 हजार रुपये भी गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
महिला कांस्टेबल के क्वार्टर में चोरी
शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में तैनात महिला कांस्टेबल सुंदर कुमारी के क्वार्टर में चोरी की वारदात हो गई। 9 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान पीछे से बदमाशों ने घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर महिला कांस्टेबल को घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Hanuman Jayanti: यहां बजरंगबली के चरणों में लगी थी असली गोली! पड़ गए थे पांव पर निशान, जानें ये रहस्यमय कहानी
पत्नी की पीठ पर चाकू घोंपा
जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या का प्रयास किया। आरोपी धनराज मीणा (34) अपनी पत्नी के साथ श्रीराम विहार, मुहाना में किराए से रह रहा था। 8 अप्रैल को आपसी विवाद के बाद उसने चंदा देवी पर हमला किया और उसकी पीठ में चाकू घोंपकर फरार हो गया। पड़ोसियों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। महिला का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ कर पूछताछ शुरू कर दी है।