Jaipur Bullion Market: सोने और चांदी की कीमतों में लगी ये आग कब तक ठंडी होगी अब यह बड़ा सवाल बन गया है। सोना-चांदी भले हर रोज कीमतों के रिकॉर्ड बना रहे हैं लेकिन फिलहाल शादी के सीजन के बावजूद बाजार में खरीदार नदारद से ही हैं। वजह यह है कि इन कीमती धातुओं की कीमतें अब आम आदमी की हैसियत से बाहर की बात हो चुकी है। कारोबारियों का कहना है कि बड़े निवेशक भले ही इस मौके का फायदा उठा लें लेकिन खुदरा खरीदार सराफा बाजार में आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। शादी के सावे हैं लेकिन बाजार में 30 प्रतिशत भी कारोबार नहीं हो रहा है।
अब सोने-चांदी की कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर मीम्स भी बनने लगे हैं। कारोबारियों की बड़ी चिंता यह है कि कीमतों की यह दौड़ और कितनी आगे जाएगी। जयपुर सराफा बाजार के अश्विनी तिवाड़ी बताते हैं कि जहां चांदी हर बार की तरह 50 डालर के करीब आकर वापस लौट जाया करती थी, वहीं इस बार यह महज 100 दिन में 50 से 100 डॉलर पार पहुंच गई। उनका कहना है कि वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता, बाजार में डिमांड और सप्लाई में आए बड़े अंतर तथा चीन के चांदी की माइनिंग कम करने के निर्णय ने कीमती धातुओं के बाजार में आग लगाई है। इसके चलते बड़े निवेशकों ने सिल्वर और गोल्ड ई्टीएफ में निवेश बढ़ा दिया जिसके चलते यह आने वाले दिनों में 160 डॉलर के स्तर को भी पार कर सकती है। वहीं सोने की कीमतें भी 7000 हजार डॉलर सोना पहुंच ने की सम्भावना है। अंतरराष्ट्रीय जानकार भविष्यवाणी कर रहे हैं कि चांदी 200 डॉलर तक जा सकती है।
राजस्थान में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को एक बार फिर दोनों की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। चांदी के दाम एक ही दिन में 14,000 रुपए बढ़ गए, जबकि सोना 4,000 रुपए महंगा हो गया। राजस्थान सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार शुद्ध चांदी की कीमत 3,25,000 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है, जबकि 18 कैरेट चांदी 3,01,000 रुपए रही। सोने की कीमतों में भी उछाल आया है। 24 कैरेट सोना 1,55,350 रुपए, 23 कैरेट 1,49,135 रुपए और 22 कैरेट सोना 1,42,950 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इन सभी कीमतों पर 3 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देना होगा। जबकि शुक्रवार को शुद्ध चांदी 2,87,000 रुपए और 24 कैरेट सोना 1,51,000 रुपए था।