फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयपुर: आज आएगा स्वच्छ सर्वेक्षण का रिजल्ट, टॉप रैंक के लिए निगम ने झोंकी ताकत

Wed, 11 Nov 2026 08:01 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है। पिछले सर्वेक्षण में ग्रेटर और हेरिटेज निगम टॉप-20 में रहे थे। इस बार एकीकृत नगर निगम ने सफाई अभियान, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी पर जोर दिया है। क्या जयपुर अपनी रैंकिंग में और सुधार कर पाएगा? जानिए पूरी रिपोर्ट।

विज्ञापन
नालों की सफाई करते हुए
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का रिजल्ट आज बुधवार को जारी होगा। देशभर के शहरों की सफाई व्यवस्था का आकलन करने के बाद नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। जयपुर की रैंकिंग पर भी सबकी नजर है। पिछले सर्वेक्षण में जयपुर ग्रेटर और जयपुर हेरिटेज दोनों ने देश के टॉप-20 शहरों में जगह बनाई थी। इस बार दोनों निगमों के एकीकृत होने के बाद जयपुर ने एक शहर के रूप में सर्वेक्षण में हिस्सा लिया है।

पिछले कुछ महीनों में नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने और सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए कई अभियान चलाए। सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने से लेकर सड़कों, बाजारों और दीवारों की साफ-सफाई और सुंदरता पर जोर दिया गया। लोगों को भी इन अभियानों से जोड़ने की कोशिश की गई।

नौ हजार सफाई कर्मचारियों के साथ चला अभियान

नगर निगम ने अप्रैल में ‘सफाई सेवा मैराथन-2026’ शुरू की थी। इसके तहत करीब नौ हजार सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारा गया। शहर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों में 14 घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाने का लक्ष्य रखा गया। इसके लिए अतिरिक्त डंपर, हूपर और जेसीबी मशीनें भी लगाई गईं। अधिकारियों ने बाजारों और प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी की।

इससे पहले मई में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत करीब 2500 सफाई कर्मचारियों ने रातभर शहर की सफाई की थी। निगम ने इस अभियान के जरिए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया।

विज्ञापन


यह भी पढें- जयपुर: रेनवाल में शराब की दुकान पर दिनदहाड़े हमला, सेल्समैन पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

पांच सौ दीवारों को गुलाबी रंग से सजाने की तैयारी

शहर की सफाई के साथ सुंदरता बढ़ाने के लिए ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान भी चलाया गया। इसके तहत शहर की करीब 500 दीवारों को रंगने और उन पर आकर्षक पेंटिंग बनाने की योजना बनाई गई। इस अभियान में स्कूल-कॉलेज, सामाजिक संस्थाओं, कॉरपोरेट समूहों और आम लोगों को भी जोड़ने की कोशिश हुई।

निगम ने बाजारों और रिहायशी इलाकों में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए जोन स्तर पर निरीक्षण भी कराए। दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने और कचरे को सड़क पर नहीं डालने के निर्देश दिए गए। खुले में कचरा डालने वाले स्थानों, अतिक्रमण और सड़क किनारे गंदगी पर भी कार्रवाई की गई।

दिवाली पर सफाई प्रतियोगिताएं, वार्डों को इनाम

दिवाली के मौके पर निगम ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विशेष प्रतियोगिताएं कराईं। 4 से 11 नवंबर तक वार्डों, आवासीय इलाकों, बाजारों, दुकानों और संस्थानों के बीच सफाई और सजावट की प्रतियोगिताएं रखी गईं। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार देने की घोषणा की गई। शीर्ष वार्डों में अतिरिक्त विकास कार्य कराने का भी ऐलान किया गया।

इसके अलावा 5 नवंबर को ‘सफाई सेवा मैराथन 2.0’ के तहत सुबह से रात तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एक दिन में पांच हजार टन कचरा उठाने का लक्ष्य रखा गया था।

पहले 171वीं और 173वीं रैंक तक फिसले, फिर टॉप-20 में पहुंचे

स्वच्छ सर्वेक्षण में जयपुर का प्रदर्शन पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वर्ष 2022 के सर्वेक्षण में जयपुर हेरिटेज 26वें और जयपुर ग्रेटर 33वें स्थान पर थे। इसके बाद 2023 के सर्वेक्षण में दोनों की रैंकिंग में बड़ी गिरावट आई। हेरिटेज 171वें और ग्रेटर 173वें स्थान पर रहे।

हालांकि, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में जयपुर ने वापसी की। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर ग्रेटर ने 16वीं और जयपुर हेरिटेज ने 20वीं रैंक हासिल की। दोनों निगमों को थ्री-स्टार रेटिंग भी मिली थी। इस बार जयपुर एकीकृत नगर निगम के रूप में सर्वेक्षण में शामिल हुआ है। ऐसे में आज आने वाला परिणाम बताएगा कि शहर की सफाई के लिए किए गए अभियानों का प्रदर्शन पर कितना असर पड़ा।

इन मानकों पर परखी गई शहरों की सफाई व्यवस्था

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के दसवें संस्करण में देशभर के 4,751 से अधिक शहरों का आकलन किया गया। इसमें कचरे का अलग-अलग संग्रहण, घर-घर कचरा उठाना, कचरे का परिवहन और निस्तारण, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई जैसे मानक शामिल रहे। नागरिकों की प्रतिक्रिया, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और शिकायतों के समाधान को भी मूल्यांकन में जगह दी गई।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें