Income Tax Raid: इनकम टैक्स विभाग ने गुरुवार सुबह रियल एस्टेट और एजुकेशन सेक्टर में सक्रिय वर्धमान ग्रुप के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र मानसरोवर स्थित वर्धमान इंटरनेशनल स्कूल परिसर में बना ग्रुप का मेन ऑफिस रहा, जहां टीम को अलमारियों में छिपाकर रखा गया करोड़ों रुपये का कैश मिला। नोटों की गिनती के लिए विभाग को मशीनें मंगानी पड़ीं। सूत्रों के मुताबिक, ग्रुप द्वारा कैश में लेन-देन कर टैक्स चोरी किए जाने की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ग्रुप के अन्य कई ठिकानों पर भी सर्च कर रही है। अधिकारियों ने ऑफिस में मौजूद दस्तावेजों, अलमारियों, बैंक खातों, प्रॉपर्टी रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइसेज़ की भी गहन जांच की।