जयपुर सीएमओ में हुई सर्व दलीय बैठक
- फोटो : अमर उजाला
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में शनिवार को एक अहम सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को विपक्षी दलों ने एकजुटता के साथ समर्थन देने का भरोसा दिलाया। बैठक में कांग्रेस, आरएलडी, बीएपी समेत सभी प्रमुख दलों के विधायक शामिल हुए।
वर्तमान हालात पर चिंता, केंद्र के रुख से संतुष्टि
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि वर्तमान हालातों को देखते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाना मुख्यमंत्री का सराहनीय कदम है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तान को दिए जा रहे जवाब पर संतोष जताया और कहा कि ऐसी एकजुटता की इस समय देश को आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- Jhunjhunu News: उधमपुर में तैनात असिस्टेंट मेडिकल सर्जन पाक हमले में शहीद, गांव लाया जाएगा पार्थिव शरीर
सरकार ने दी सीमा की स्थिति की जानकारी
विधायक सुभाष गर्ग ने बताया कि बैठक में सरकार ने सीमा क्षेत्र की स्थिति और वहां किए जा रहे प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी, जिसे सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सकारात्मक रूप में लिया और सराहा। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सांसदों, विधायकों के साथ-साथ पंचायत और जिला स्तर के जन प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी दलों के विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभालने और जनता के बीच रहकर सहयोग करने को कहा गया है।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी बैठक में भाग लिया और कहा कि सरकार और विपक्ष दोनों का साझा उद्देश्य प्रदेश की सुरक्षा और शांति बनाए रखना है।
यह भी पढ़ें- Ajmer News: भारत-पाक तनाव के बीच अलर्ट पर जेएलएन अस्पताल, पूरी की तैयारी