घर में घुसकर बुजुर्ग के गले से चेन खींची
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र की सेठी कॉलोनी में बुधवार हुई वारदात ने कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। कल दोपहर एक बुजुर्ग महिला से घर के अंदर घुसकर चेन लूटने की घटना सामने आई है। हेलमेट पहने हुए एक बदमाश मेनगेट खोलकर चुपके से घर के पोर्च में घुसा, 70 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन खींची और बाइक से फरार हो गया, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब शकुंतला जैन नामक बुजुर्ग महिला घर के पोर्च में कपड़े सुखा रही थीं। तभी एक युवक जो हेलमेट पहने हुए था, दबे पांव घर में दाखिल हुआ। उसने मौका पाते ही महिला के गले में पड़ी चेन पर झपट्टा मारा। महिला ने प्रतिरोध किया और शोर मचाया लेकिन बदमाश ने उन्हें धक्का देकर चेन तोड़ ली और आधी चेन लेकर बाइक से भाग निकला। छीना-झपटी में महिला जमीन पर गिर पड़ीं और उन्हें हाथ-पैर में चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाश के खिलाफ धारा 392 और 452 में मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
ये भी पढ़ें: Alwar News: घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी को आजीवन कारावास, पॉक्सो कोर्ट ने सुनाया फैसला
पुलिस के अनुसार वारदात पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई है। आरोपी ने पहले क्षेत्र की रेकी की और बुजुर्ग महिला को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया। हेलमेट पहनने और नंबर प्लेट हटाने से यह स्पष्ट है कि बदमाश पहले से योजना बनाकर आया था। इस वारदात के बाद से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब घर के अंदर भी सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा। पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अपराधी बिना किसी डर के खुलेआम लूट को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं।
यह घटना न केवल बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा रही है, बल्कि जयपुर जैसे शहर में कानून व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रही है। आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास तभी बना रह सकता है, जब इस तरह के अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलवाई जाए।