भाजपा विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान सरकार द्वारा पंचायत और नगरपालिका चुनावों में दो से अधिक बच्चों वाले उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने की अनुमति देने के फैसले को लेकर सियासी बहस जारी है। भाजपा विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने इस नीति का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम देश और समाज की प्रगति के लिए सही दिशा में उठाया गया है।
'घट रही सनातनियों की संख्या'
शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में मीडिया से बात करते हुए विधायक ने कहा, 'आरएसएस और भाजपा दो स्वतंत्र संगठन हैं। आरएसएस एक ऐसा संगठन है जो देश और समाज के कल्याण के लिए काम करता है। इसमें मुस्लिम समुदाय के लोग भी कार्यरत हैं, यह केवल हिंदुओं के लिए नहीं है। जब हम जनसंख्या की बात करते हैं, तो चीन में भी विशाल जनसंख्या है और वहां कोई समस्या नहीं है। हमारा देश भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। कुछ समूह के लोगों के बहुत बच्चे हैं, जबकि हमारे हिंदू केवल एक बच्चे को जन्म दे रहे हैं, जिससे सनातनी की संख्या घट रही है, जो अपनी परंपरा और वंश को आगे बढ़ाते हैं।”
ये भी पढ़ें:
राजस्थान में अब ज्यादा बच्चे भी अच्छे: क्यों हटाई जा रही तीन दशक पुरानी रोक, और किन राज्यों में है ऐसा कानून
'तीन बच्चों की नीति सही'
उन्होंने आगे कहा कि वह तीन बच्चों की नीति के लिए सरकार के निर्णय का समर्थन करते हैं और राजस्थान सरकार तथा केंद्र सरकार सभी समुदायों की प्रगति का ध्यान रखती हैं, चाहे वह हिंदू हों या मुस्लिम। बता दें कि यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में पंचायत और नगर पालिका चुनावों की तैयारियों के बीच जनसंख्या नीति को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।