सोने-चांदी के गहनों के दामों में हुआ बदलाव
- फोटो : AI Image- Freepik
जयपुर में त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले ही सोना और चांदी दोनों धातुओं की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। मंगलवार को सोने की कीमतों में मामूली बढ़त और चांदी की दरों में गिरावट देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 1,07,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा, जबकि 22 कैरेट सोना 50 रुपये की बढ़त के साथ 1,00,150 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज हुआ। दूसरी ओर, चांदी 1,300 रुपये सस्ती होकर 1,26,700 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि जनवरी से अब तक सोने और चांदी की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है। जनवरी में जहां 22 कैरेट सोना 79,100 रुपये और चांदी 95,700 रुपये थी, वहीं 2 सितंबर तक ये कीमतें क्रमशः 1,00,150 रुपये और 1,26,700 रुपये तक पहुंच गई हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: 80 लाख तक का सोना पहनकर मेले में आईं महिलाएं, 363 शहीदों को किया याद, जानें बलिदान की कहानी
मित्तल के अनुसार, महंगाई और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बावजूद सोना-चांदी निवेशकों और आम लोगों के लिए हमेशा सुरक्षित विकल्प बने रहते हैं। खासकर चांदी में रुचि बढ़ी है क्योंकि यह सोने की तुलना में किफायती है। कीमतों में उछाल का प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता, युद्ध की स्थिति और अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ माने जा रहे हैं।
हालांकि बढ़ती कीमतों का असर ग्राहकों की खरीदारी की आदतों पर जरूर पड़ा है। भारी वजन के गहनों की बजाय लोग अब लाइट वेट और डिजाइनर ज्वेलरी को प्राथमिकता दे रहे हैं। पहले जहां ग्राहक पांच से छह तोले के गहने बनवाते थे, अब वे दो से तीन तोले के गहनों पर संतोष कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: खाद्य मंत्री के गृह जिले में नकली घी फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; केमिकल और मशीनें बरामद
व्यापारियों को विश्वास है कि अक्तूबर से शुरू होने वाले नवरात्र, धनतेरस और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर सोना-चांदी की खरीदारी शुभ मानी जाती है, इसलिए कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर होने के बावजूद बाजार पर नकारात्मक असर देखने की संभावना नहीं है।