नकली बीज रिश्वत कांड की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को एक और बड़ी सफलता मिली है। एसीबी ने फलोदी से भाजपा विधायक पब्बाराम बिश्नोई के निजी सचिव गणपत बिश्नोई को जयपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उनसे गहन पूछताछ कर रही है। इससे पहले एसीबी ने रविवार को बीकानेर से बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई को 15 करोड़ रुपये के नकली मूंगफली बीज प्रकरण में 2.44 करोड़ रुपये की घूम लेने के मामले में हिरासत में लिया था।
सूत्रों के अनुसार गणपत बिश्नोई का नाम करोड़ों रुपये के कथित रिश्वत लेन-देन और नकली बीज प्रकरण से जुड़ी जांच के दौरान सामने आया था। एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामले में उनकी भूमिका क्या थी और रिश्वत नेटवर्क से उनका किस स्तर तक संबंध था।
भाजपा विधायक के निजी सचिव की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जांच एजेंसी मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।
यह भी पढें-
Rajasthan ACB Raid: मंत्री किरोड़ीलाल के छापेमारों पर ही पड़ गए एसीबी के छापे, अब घरों से मिली अकूत संपत्ति
गौरतलब है कि नकली बीज मामले में पहले ही राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है और करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की गई थी। अब गणपत बिश्नोई की गिरफ्तारी से जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना जताई जा रही है।