दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जयपुर के सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स के डार्क स्टोर के निरीक्षण में चिलर रूम में गंदगी, खाद्य पदार्थों के भंडारण में खामियां और कुछ उत्पादों के पैकेट क्षतिग्रस्त मिले। कुछ उत्पादों की सामग्री सूची पर बारकोड स्टिकर भी लगे पाए गए। टीम ने क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले उत्पाद नष्ट करवाए और रिच देसी घी व सुरभि टोमेटो कैचअप के नमूने जांच के लिए लिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से दीपावली पर शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत केंद्रीय दल और जयपुर-I व जयपुर-II की टीमों ने मिठाई की दुकानों, दूध-पनीर विक्रेताओं और डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया।
मिठाई, मावा और घी के भी लिए नमूने
जयपुर-I की टीम ने रावत मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई, अखरोट बर्फी, मक्खन बड़ा, खाद्य तेल और समोसे के नमूने लिए। वैशाली नगर के दूध भंडारों और पनीर प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।
वहीं, जयपुर-II की टीम ने मोहननी इंडस्ट्रीज से बेसन और आटे के नमूने लिए। जेप्टो डार्क स्टोर से सरस घी और बेसन के लड्डू, सोडाणी स्वीट्स से इमरती, रघुनंदन स्वीट्स से मावा मिठाई और श्याम एंड कंपनी से घी का नमूना लिया गया। राजवाड़ी कचौरी से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल और आइस स्पाइस से पैटीज का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। पैकेजिंग संबंधी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
यह भी पढें-
राजस्थान: बॉर्डर पर ड्रोन से गिराई हथियार व आरडीएक्स की खेप, कारतूस बरामद; पंजाब के दो युवक पकड़े गए
डार्क स्टोर प्रबंधन को दिए निर्देश
फ्लिपकार्ट मिनट्स के डार्क स्टोर में मिली कमियों के बाद प्रबंधन को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और सही लेबलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
त्योहार तक जारी रहेगी जांच
अतिरिक्त आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण भगवत सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान मिठाई, मावा, दूध, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाई गई है। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।