भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे राजस्थान के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और मौसम विभाग के अनुसार यह राहत कम से कम 3 जून तक जारी रह सकती है। रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को आए तेज बवंडर और धूलभरी आंधी ने राजस्थान के मौसम की तस्वीर बदल दी। किशनगढ़ एयरपोर्ट पर हवा की रफ्तार 102 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि बीकानेर, चूरू, नागौर, सीकर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में दिन के समय ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में आसमान लाल-पीले धूल के गुबार से ढक गया।
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर दिखा। पिछले तीन दिनों में कई शहरों में अधिकतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। श्रीगंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री से घटकर 36.4 डिग्री, जयपुर में 45.4 से 36.8 डिग्री, अलवर में 46 से 34.5 डिग्री और हनुमानगढ़ में 43.9 से 33.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
राज्य के 20 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को नौतपा के बीच बड़ी राहत मिली। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है और फलोदी 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रहेंगी। इससे दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा हीटवेव की स्थिति लगभग समाप्त रहने की संभावना है।
यह भी पढें- चूल्हे के भीतर छिपा रखा था डेढ़ किलो से ज्यादा सोना, डूंगरपुर में खुला करोड़ों की तस्करी का राज
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मौसम बदलाव किसानों, आमजन और बिजली व्यवस्था के लिए राहत लेकर आया है, क्योंकि मई के अंतिम सप्ताह में प्रदेश भीषण गर्मी और रिकॉर्ड बिजली मांग का सामना कर रहा था। अब बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से करीब पहुंचने की संभावना है।