राजस्थान की चिकित्सा दुनिया के लिए गर्व का क्षण तब आया जब जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रो-चांसलर और वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. सुधीर भंडारी को नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (NAMS) की FAMS फैलोशिप से सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में राजस्थान से यह सम्मान पाने वाले वे अकेले डॉक्टर हैं।
यह प्रतिष्ठित फैलोशिप उन चुनिंदा डॉक्टरों को दी जाती है, जिन्होंने मेडिकल एजुकेशन, क्लिनिकल रिसर्च, पब्लिक हेल्थ और प्रोफेशनल सर्विस के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। NAMS का चयन-प्रक्रिया अत्यंत कठोर होती है, जिसमें डॉक्टर के शैक्षणिक रिकॉर्ड, शोध कार्य, पब्लिकेशंस, सामुदायिक सेवा और सहकर्मियों द्वारा उनकी मान्यता जैसे सभी पहलू गहराई से परखे जाते हैं।
डॉ. भंडारी ने कोविड महामारी के समय राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन और दिशा-निर्देशन में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टेस्टिंग और रिसर्च सुविधाओं को बढ़ाया, राज्यस्तरीय गाइडलाइंस तैयार कीं और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ बनाया। उनके प्रयासों से राज्य में संक्रमण दर और मृत्यु दर दोनों में उल्लेखनीय कमी आई।
एंडोक्राइनोलॉजी और डायबिटीज के क्षेत्र में उनका योगदान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। वे रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन्स, लंदन और एडिनबर्ग के भी फैलो हैं। उनके नाम पर कई उच्च स्तरीय शोधपत्र प्रकाशित हुए हैं और उन्होंने मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में सैकड़ों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है। उन्हें कोविड मैनेजमेंट, हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन और रिसर्च में उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: कफ सिरप से मौत पर बोले अशोक गहलोत- सरकार तुरंत कार्रवाई करे, ब्लैकलिस्टेड कंपनी को ठेका क्यों दिया?
नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (NAMS) की स्थापना वर्ष 1961 में की गई थी। यह संस्था भारत में चिकित्सा विज्ञान, स्वास्थ्य नीति और पब्लिक हेल्थ के उन्नयन हेतु कार्यरत है। FAMS फैलोशिप वरिष्ठ डॉक्टरों को उनके आजीवन योगदान और नेतृत्व के लिए दी जाती है।
डॉ. सुधीर भंडारी का FAMS फैलो चुना जाना न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण की पहचान है, बल्कि यह राजस्थान की चिकित्सा बिरादरी के लिए भी गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें- Syrups Death Case: सिरप से हुई मौतों पर केंद्र सख्त, राज्यों के साथ स्वास्थ्य सचिव की बैठक; दिए ये अहम निर्देश