Rajasthan: डोटासरा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज यह सरकार सिर्फ सत्ता संघर्ष, लूट और कुर्सी की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को जनता की कोई परवाह नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक विफलताओं को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट में डोटासरा ने प्रदेश में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 'कब तक सहेगा राजस्थान?'
विज्ञापन
डोटासरा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार पूरी तरह 'कोलेप्स' कर चुकी है। उन्होंने रणथंभौर में एक 7 वर्षीय बालक कार्तिक की बाघ के हमले में हुई मौत को 'हत्या' करार देते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिनेत्र गणेश मंदिर के पास बाघ की मौजूदगी की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा वीडियो के माध्यम से वन विभाग को दी गई थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने अलवर में आवारा कुत्तों के आतंक का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हालात बद से बदतर हैं और शासन-प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। ढाई साल के मासूम की पीड़ा को उसके माता-पिता से पूछिए, तब समझ में आएगा कि जमीन पर क्या हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर बोलते हुए उन्होंने कोटा और चूरू की घटनाओं का उल्लेख किया।
कोटा में एक मरीज की जगह अटेंडेंट की सर्जरी कर दी गई, जबकि चूरू में एक महिला को करंट लगने के बाद उसका पति उसे कंधे पर लेकर अस्पताल में भटकता रहा, लेकिन उसे कोई सहायता नहीं मिली। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज यह सरकार सिर्फ सत्ता संघर्ष, लूट और कुर्सी की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को जनता की कोई परवाह नहीं है।