प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटियों में व्यापक फेरबदल किया गया है। पार्टी ने 37 नेताओं को जिला प्रभारी और इतने ही नेताओं को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इन नियुक्तियों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और जिलों में सक्रियता बढ़ाने की रणनीति अपनाई गई है।
नए नियुक्त प्रभारियों में 7 मौजूदा विधायक और 9 पूर्व विधायक शामिल हैं, जिससे साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस अनुभवी और सक्रिय नेताओं के जरिए संगठन को मजबूती देना चाहती है। जिला प्रभारी बनाए गए विधायकों में रोहित बोहरा, प्रशांत शर्मा, शिमला देवी नायक, हाकम अली खान, पूसाराम गोदारा, जगदीशचंद्र जांगिड़ और अमित चाचाण शामिल हैं। वहीं पूर्व विधायकों में चेतन डूडी, नसीम अख्तर इंसाफ, रमेश खंडेलवाल, प्रशांत बैरवा, जीआर खटाणा, मीनाक्षी चंद्रावत, हगामीलाल मेवाड़ा, राकेश पारीक और हीरालाल दरांगी को जिम्मेदारी दी गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: सीएम भजनलाल ने खुद उठाया 181 हेल्पलाइन का फोन, बोले- मैं भजनलाल; फिर तुरंत हल हुईं समस्याएं
विधायक रोहित बोहरा को जयपुर का प्रभारी बनाए रखने का निर्णय लिया गया है, जिससे संगठन में निरंतरता बनी रहे। वे पहले भी इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं। पार्टी ने कुल 50 जिलों में से 37 नेताओं को जिम्मेदारी दी है, जबकि कुछ नेताओं को दो-दो जिलों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
करीब 13 प्रभारियों और सह प्रभारियों को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें जयपुर ग्रामीण पूर्व व पश्चिम, सीकर व नीमकाथाना, अजमेर शहर व ग्रामीण, भीलवाड़ा शहर व ग्रामीण, नागौर व डीडवाना-कुचामन, भरतपुर व डीग, बीकानेर शहर व ग्रामीण, बाड़मेर व बालोतरा, जैसलमेर व फलौदी, जोधपुर शहर व ग्रामीण, कोटा शहर व ग्रामीण, बांसवाड़ा व प्रतापगढ़ तथा उदयपुर शहर व ग्रामीण शामिल हैं।
पार्टी नेतृत्व ने इन प्रभारियों को जिलों का नियमित दौरा करने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और संगठन से जुड़े कार्यों की रिपोर्ट प्रदेशाध्यक्ष को सौंपने के निर्देश दिए हैं। यह कदम आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।