सीएम अशोक गहलोत आज प्रदेश के 148 मेडिकल इंस्टिट्यूट का लोकार्पण करेंगे। यह चिकित्सा संस्थान 220 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए हैं, जबकि 551 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 101 मेडिकल इंस्टिट्यूट का शिलान्यास किया जाएगा।
आज शाम पांच बजे सीएम गहलोत वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए 148 मेडिकल इंस्टिट्यूट का लोकार्पण और 101 मेडिकल इंस्टिट्यूट का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 10 चिरंजीवी 104 जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस और 25 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब का भी शुभारंभ होगा। सरकार की ओर से चिरंजीवी राजस्थान थीम पर यह कार्यक्रम किया जाएगा।
कुल 771 करोड़ की लागत के 249 नये चिकित्सा संस्थान
सीएम गहलोत आज प्रदेश को कुल 771 करोड़ की लागत के 249 नये चिकित्सा संस्थानों की सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आज जयपुर स्थित सीएमआर से शाम पांच बजे इन नए चिकित्सा संस्थानों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा समेत विभाग के आला अधिकारी, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल भी वीसी में जुड़ेंगे।
25 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब और 10 चिरंजीवी 104 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को भी हरी झंडी दिखाएंगे सीएम
राज्य के चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री आज 220 करोड़ की लागत से 148 चिकित्सा संस्थानों का लोकार्पण और 551 करोड़ की लागत से बनने वाले 101 चिकित्सा संस्थानों का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 25 मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब और 10 चिरंजीवी 104 जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
अंगदान महा-अभियान भी होगा शुरू
भारतीय अंग दान दिवस के मौके पर अंगदान के लिए लोगों को मोटिवेट और जागरूक करने के उद्देश्य से सीएम गहलोत आज 'अंगदान महाअभियान' का भी शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अंगदान के क्षेत्र में कार्य करने वाले डॉक्टर्स और अंगदाताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सीएम अशोक गहलोत का संदेश
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- "राजस्थान का हेल्थ मॉडल आज देश के सामने मिसाल बन गया है। बेहतरीन कोविड मैनेजमेंट, राइट टू हेल्थ, चिरंजीवी योजना, RGHS योजनाओं से आमजन में भी विश्वास बढ़ा है। आज राजस्थान देश भर में नए चिकित्सा संस्थान खोलने में सबसे आगे है। हर गांव- ढाणी तक चिकित्सा संस्थानों का पहुंचना राजस्थान जैसे अधिक क्षेत्रफल वाले राज्य के निवासियों के लिए बेहद संतोषजनक है।"