मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) की 160 ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों का फ्लैग ऑफ किया। इसी के साथ जयपुर से काठगोदाम (उत्तराखंड) के लिए सुपर लग्जरी बस सेवा की भी शुरुआत की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इन नई बसों से आमजन को सस्ती और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी तथा यातायात प्रबंधन में भी सुगमता आएगी।
सीएम ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जयपुर से काठगोदाम तक बस सेवा शुरू होने से बाबा नीम करौली धाम (कैंचीधाम) जाने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पिछले वर्ष से अयोध्या, गोवर्धन, सालासर बालाजी, रामदेवरा, श्रीनाथजी, श्रीकरणी माता और कैलादेवी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रही है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: गौ महाकुंभ में बोले CM भजनलाल शर्मा- राजस्थान बनेगा देश का सबसे बड़ा डेयरी हब
शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री ने नई बसों का विधिवत पूजन किया और उनमें उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। बजट घोषणा के अनुरूप खरीदी गई इन 160 बसों को प्रदेश के 12 बस डिपो में संचालित किया जाएगा। इनमें वैशाली नगर, विद्याधर नगर, शाहपुरा, जयपुर, हिण्डौन, दौसा, अजमेर, अजयमेरू, कोटपूतली, धौलपुर, सवाईमाधोपुर और भीलवाड़ा शामिल हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, विधायक गोपाल शर्मा, आरएसआरटीसी अध्यक्ष शुभ्रा सिंह, परिवहन विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी तथा प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राजस्थान को सुगम यातायात और आधुनिक परिवहन सेवाओं की दिशा में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
यह भी पढ़ें- Ajmer News: अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने के दावे पर सुनवाई, ASI और अल्पसंख्यक विभाग के प्रार्थना-पत्र खारिज