सीनियर एक्टर राघव तिवारी और गुड न्यूज सीरियल के कलाकार राघव।
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान के जयपुर में एक ही नाम होने का फायदा उठाकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामला बॉलीवुड से जुड़ा प्रोफाइल हाईजैकिंग और परसोनेशन का है। जयपुर के शिप्रा पथ थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार एक नाम के दो एक्टर हैं, जिसमें से एक ने दूसरे एक्टर के हाईप्रोफाइल का फायदा उठाकर धोखाधड़ी की है। आरोपी ने फेमस एक्टर के काम को अपना बताकर कई प्रसिद्ध मीडिया वेबसाइट्स पर अपने आर्टिकल छपवा लिए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जयपुर से राघव तिवारी नाम के दो एक्टर हैं। एक राघव वो हैं, जिन्होंने चलो दिल्ली, मैरी कॉम, पुष्कर लॉज और रणथंभौर जैसी फिल्मों तथा सास बहू और फ्लेमिंगो, द ट्रायल और जेंगाबुरु द कर्स जैसी वेब सीरीज में दमदार अभिनय कर अपना नाम बनाया है। वहीं, दूसरे एक्टर राघव तिवारी को साल 2020 में प्रसारित हुए सीरियल हमारी वाली गुड न्यूज में काम किया है। आरोप है कि 'हमारी वाली गुड न्यूज' सीरियल फेम राघव तिवारी ने अपने ही नाम के सीनियर अभिनेता राघव के काम को अपना बताकर कई प्रतिष्ठित मीडिया वेबसाइट्स पर अपने आर्टिकल छपवाए। इतना ही नहीं साथ ही मूवी रेटिंग वेबसाइट आईएमडीबी (IMDB) पर भी मैरीकॉम फेम एक्टर की प्रोफाइल को भी अपना बताकर क्लेम कर लिया है। इसको लेकर सीनियर अभिनेता राघव तिवारी ने जयपुर के शिप्रा पथ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
प्रियंका चोपड़ा की अभिनीत फिल्म मैरी कॉम फेम एक्टर राघव तिवारी ने बताया कि साल 2020 में लॉकडाउन के दौरान वो जयपुर आ गए थे। इसी दौरान धोखाधड़ी के आरोपी दूसरे राघव तिवारी को 'हमारी वाली गुड न्यूज' सीरियल ऑफर हुआ। साल 2020 में यह सीरियल लोगों के बीच पहुंचा। इस धारावाहिक के प्रमोशन के दौरान आरोपी एक्टर राघव तिवारी ने कई मीडिया वेबसाइट को दिए इंटरव्यूज में गलत जानकारी साझा की। आरोपी ने बताया कि वो 'गुड न्यूज' सीरियल से पहले 'मैरी कॉम', रणथंभौर, चलो दिल्ली समेत कई फिल्मों काम कर चुके हैं। सीनियर अभिनेता राघव ने बताया कि जब उनको मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने सीरियल 'हमारी वाली गुड न्यूज' कर रहे राघव से संपर्क करने का प्रयास किया।
सीनियर अभिनेता राघव ने बताया कि उन्होंने जूनियर राघव से कहा कि वो जो कर रहे हैं गलत है। मीडिया में भेजी गई गलत और भ्रमित जानकारियों को वेबसाइट्स से हटाने के लिए भी कहा। तब सीरियल फेम राघव ने इसे कंफ्यूजन बताया और आश्वासन दिया कि अपने इंटरव्यू आर्टिकल में उसे हटवा देंगे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उसने ऐसा नहीं किया। इसके बाद अब सीनियर अभिनेता राघव तिवारी ने इस संबंध में थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है। जानकारी मिलने के बाद अब पुलिस भी इस मामले में जांच कर रही है।