Rajasthan Politics: भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, ग्राम रथ यात्रा, नीट परीक्षा विवाद, पेट्रोल-डीजल कीमतों और राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार चयन के लिए अधिकृत किया गया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश भर में चल रहे विभिन्न अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में राजस्थान सरकार की ओर से किसानों के हित में निकाली जा रही ग्राम रथ यात्रा पर संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए सरकार किसानों तक अपनी योजनाओं और जनहितकारी निर्णयों को प्रभावी रूप से पहुंचाने में सफल रही है।
विज्ञापन
बैठक में नीट पर चर्चा
बैठक में नीट परीक्षा प्रकरण पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं की शुरुआत नासिक से हुई और बाद में यह मामला देशभर तक फैल गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द कर मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार पर रीट परीक्षा मामले में सीबीआई जांच नहीं कराने का आरोप लगाया। भाजपा सरकार बनने के बाद मामले से जुड़े दोषियों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में अधिकांश सदस्य प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि कुछ वरिष्ठ नेता वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इनमें सी.पी. जोशी, अर्जुनराम मेघवाल, अलका गुर्जर और सतीश पूनिया शामिल रहे। भूपेंद्र यादव तकनीकी कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पारिवारिक कारणों से शुभकामनाएं भेजीं।
विज्ञापन
संगठनात्मक प्रशिक्षण वर्गों की हुई समीक्षा
बैठक में संगठनात्मक प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा भी की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और संगठनात्मक मार्गदर्शन पर संतोष जताया।
पेट्रोल-डीजल कीमतों पर भी हुई चर्चा
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और रूस-यूक्रेन संकट के बावजूद भारत में कीमतों में सीमित वृद्धि हुई है तथा केंद्र सरकार ने सब्सिडी देकर आमजन को राहत दी।
राज्यसभा चुनाव को लेकर अहम फैसला
राज्यसभा चुनाव को लेकर हुई चर्चा में उपस्थित और वर्चुअल रूप से जुड़े सभी सदस्यों ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा और पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को प्रत्याशी चयन के लिए अधिकृत किया।