राजधानी के पुराने और पारंपरिक सामुदायिक भवन अब जल्द ही नई पहचान के साथ नजर आएंगे। जहां आज ये भवन मुख्य रूप से शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों तक सीमित हैं, वहीं आने वाले कुछ महीनों में इनकी जगह आधुनिक कम्युनिटी हब विकसित किए जाएंगे जिनकी झलक किसी फाइव स्टार होटल, शॉपिंग मॉल या बिजनेस सेंटर जैसी होगी।
जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) शहर के पांच प्रमुख सामुदायिक केंद्रों का पुनर्विकास करने जा रहा है। इसके तहत मौजूदा भवनों को हटाकर पूरी तरह नए डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं से लैस बहुउद्देशीय परिसरों का निर्माण किया जाएगा। करीब 148 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन केंद्रों में सिर्फ सामाजिक समारोहों के लिए हॉल ही नहीं, बल्कि को-वर्किंग स्पेस, कैफेटेरिया, स्पोर्ट्स क्लब, हेल्थ एवं वेलनेस सुविधाओं के लिए अलग फ्लोर भी विकसित किए जाएंगे।
योजना के अनुसार वैशाली नगर, मालवीय नगर, त्रिवेणी नगर और विद्याधर नगर स्थित सामुदायिक भवनों को नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा। इन परिसरों को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां दिन में कॉर्पोरेट मीटिंग, स्टार्टअप गतिविधियां और को-वर्किंग का उपयोग हो सके, जबकि शाम को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन आयोजित किए जा सकें।
इन केंद्रों का संचालन निजी एजेंसियों को सौंपा जाएगा, जिससे सुविधाओं का बेहतर रखरखाव और प्रोफेशनल प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि सामाजिक आयोजनों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले हॉल और अन्य स्थानों का किराया जेडीए ही तय करेगा, ताकि आम नागरिकों की पहुंच इन सुविधाओं तक बनी रहे।
नए कम्युनिटी हब में आकर्षक फ्रंट एलिवेशन, आधुनिक इंटीरियर, हाई-स्पीड इंटरनेट, विशाल पार्किंग, लैंडस्केप्ड गार्डन, फूड कोर्ट और मल्टीपर्पज हॉल जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
जेडीए अधिकारियों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद ये केंद्र केवल शादी-ब्याह के आयोजन स्थल नहीं रहेंगे, बल्कि स्थानीय समुदाय, युवाओं, स्टार्टअप्स, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों के लिए बहुउद्देशीय सामाजिक गतिविधियों के केंद्र बन जाएंगे।