बारां के अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के लिए मतदान दल सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। 268 मतदान केंद्रों पर मंगलवार 11 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,28,264 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, जिनमें 1,16,783 पुरुष, 1,11,477 महिलाएं और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बारां स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदान दलों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें। मतदान केंद्र पहुंचने पर परिधि सीमा निर्धारण, मॉक पोल, प्रपत्र संधारण सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें। किसी भी समस्या पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक रिटर्निंग अधिकारी तुरंत सहायता उपलब्ध कराएंगे।
प्रशिक्षण स्थल पर सभी दलों को मतदान सामग्री, ईवीएम और वीवीपैट उपलब्ध कराई गई। इसके बाद वाहन आवंटन पूर्ण कर सभी दल उत्साहपूर्वक अपने मतदान केंद्रों की ओर रवाना हुए। मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान की अपील करते हुए महाजन ने कहा कि क्षेत्र में सदैव औसत से अधिक मतदान रहा है। इस बार भी स्वीप अभियान के माध्यम से मतदाताओं को प्रेरित किया गया है।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कुल 3,077 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। संवेदनशील व क्रिटिकल बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात रहेंगे। 12 क्विक रिस्पॉन्स टीम, 43 मोबाइल पार्टियां, 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी, 12 एरिया मजिस्ट्रेट तथा 4 वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी चुनाव प्रक्रिया का पर्यवेक्षण करेंगे। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग होगी और जिला मुख्यालय व आरओ कार्यालय में कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- Anta By-poll 2025: राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव कल, 268 केंद्रों पर मतदान करेंगे 2.28 लाख मतदाता
मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, शिशुओं हेतु पालना, रैंप, पीने के पानी, छाया तथा मोबाइल जमा के लिए जूट बैग की व्यवस्था की गई है। पांच ग्रीन बूथ तथा महिला, दिव्यांगजन और युवा संचालित विशेष बूथ भी बनाए गए हैं।
268 सक्रिय एवं 29 रिजर्व दल सहित कुल 1240 कार्मिक तैनात हैं। माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर भी तैनात किए गए हैं। ईपिक के साथ 12 फोटोयुक्त दस्तावेजों से भी मतदान किया जा सकेगा। मतदान दिवस 11 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश एवं सूखा दिवस घोषित है। मतदान पश्चात सभी दल ईवीएम जमा कराएंगे। मतगणना 14 नवंबर को बारां के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कड़ी सुरक्षा में होगी।
यह भी पढ़ें- Jaipur Building Collapse: निर्माणाधीन मकान का बेसमेंट धंसा, एक की मौत; मलबे में दबे कई लोग, बचाव कार्य जारी