जयपुर टैंकर ब्लास्ट में घायल एक और शख्स की गुरुवार को एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक का नाम लालाराम है, जो भांकरोटा इलाके में सड़क हादसे के बाद हुए ब्लास्ट में 60 फीसदी तक झुलस गए थे। अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 14 लोग अब भी ICU में भर्ती हैं।
40 से अधिक वाहन जल गए थे
बता दें कि इस अग्निकांड में 40 से अधिक वाहन जलकर नष्ट हो गए थे। इनमें ट्रक, ट्रेलर और कई अन्य छोटे वाहन शामिल हैं। हादसे में हुए धमाके से आसपास के क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचा। प्लास्टिक और पाइप निर्माण का एक बड़ा गोदाम पूरी तरह जल गया था। इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मृतकों के परिवारों और घायलों को मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, इस हादसे की जांच के लिए विभिन्न कमेटियां बनाई गई हैं। हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
हादसे में बच गया गैस टैंकर ड्राइवर
इस हादसे में शामिल गैस टैंकर ड्राइवर बीते सोमवार को पुलिस के सामने पेश हुआ। वो उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है। उसका नाम जयवीर है। हादसे के समय टक्कर से होने वाले नुकसान को भांपते हुए वह रहते ही गैस टैंकर से निकल गया था। पुलिस के मुताबिक, जयवीर ने घटना के बाद दिल्ली में रहने वाले गैस टैंकर मालिक अनिल पंवार को फोन किया और फिर अपना फोन बंद कर लिया था।