नगर निगम की टीम से भिड़े मीट दुकानदार
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर नगर निगम हेरिटेज द्वारा अवैध मीट और मछली की दुकानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को सिविल लाइन जोन में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर निगम की पशु प्रबंधन शाखा की टीम ने 22 गोदाम पुलिया के नीचे संचालित अवैध मछली मार्केट पर छापा मारा, जहां से 300 किलो अवैध मछली जब्त की गई। साथ ही नियमों के खिलाफ संचालित दो मीट दुकानों को भी सील कर दिया गया।
नगर निगम कमिश्नर डॉ. निधि पटेल ने बताया कि 22 गोदाम पुलिया के निकट अवैध मछली बाजार की शिकायत मिली थी। मौके पर जांच के बाद टीम ने कार्रवाई कर मछली जब्त की, जो बिना स्वास्थ्य परीक्षण के सप्लाई की जा रही थी। निगम कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी अवैध दुकानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अगर उनके आस-पास अवैध रूप से मीट या मछली की दुकान संचालित हो रही हो तो उसकी जानकारी नगर निगम को दें, ताकि शहर को स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण प्रदान किया जा सके।
यह भी पढ़ें- Bundi News: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को मारी टक्कर, दोनों की मौत; तीन बच्चे हुए अनाथ
सरकारी कार्य में बाधा का केस दर्ज
कार्रवाई के दूसरे चरण में जब नगर निगम की टीम कल्याण जी के रास्ते पर अवैध मीट दुकानों पर पहुंची, तो वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दुकानदारों ने विरोध करते हुए निगम कर्मियों के साथ अभद्रता की। नगर निगम के पशु प्रबंधन शाखा के डॉ. योगेश शर्मा और उनके ड्राइवर के साथ हाथापाई तक की गई। डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि जैसे ही टीम ने दुकान बंद कराने की कार्रवाई शुरू की, दुकानदारों ने मारपीट और बदसलूकी शुरू कर दी। इस मामले में कोतवाली थाने में राजकार्य में बाधा डालने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
यह भी पढ़ें- Sikar: खाटूश्यामजी में शादी की सालगिरह कार्यक्रम के दौरान पर्स चोरी, चोरों ने उड़ाए पांच लाख की नकदी और जेवर