कड़ाके की सर्दी और ठंडी हवाओं के बीच जयपुर के डिग्गी पैलेस में साहित्य प्रेमी, लेखक, स्कूली बच्चे और विदेशी लोगों का जमावड़ा लगा है। मौका है जयपुर साहित्य सम्मेलन के आठवें संस्करण का जिसकी बुधवार को शुरुआत हुई। नगाड़े की थाप और राजस्थानी सजावट से रोशन माहौल में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और एस्सेल ग्रुप के प्रमुख डॉ.सुभाष चन्द्र ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
उद्घाटन सत्र कवि की कल्पना को समर्पित रहा। कवि विजय शेषाद्री, केदारनाथ सिंह और अनुवादक अरविन्द कृष्ण महरोत्रा इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता थे। उत्सव के आयोजक संजय के। रॉय ने बताया कि विश्व के सबसे बड़े और “निशुल्क” उत्सव में कविता के साथ-साथ सिनेमा में साहित्य, कला, स्त्री विमर्श और ऐसे विषयों पर चर्चा होगी जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती।
ये रहेंगे खास
इस साल के उत्सव में शामिल हो रहे देश विदेश के बड़े नामों में नोबेल पुरस्कार विजेता वी एस नॉयपाल, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, जावेद अख्तर, शबाना आज़मी, नसीरुद्दीन शाह, प्रसून जोशी, चेतन भगत, अमीश त्रिपाठी, नयनतारा सहगल, बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री वहीदा रहमान, और अभिनेता गिरीश कर्नाड भी शामिल हैं।