कांग्रेस के चिंतन शिविर में शामिल के लिए नेताओं के जयपुर पहुंचने का सिलसिला बुधवार से शुरू हो गया। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी देर शाम यहां पहुंचे।
हालांकि बड़े मंत्री व नेता शिविर की शुरुआत वाले दिन 18 जनवरी को ही जयपुर पहुंचेंगे। सोनिया व राहुल गांधी के ठहरने पर सुरक्षा कारणों के चलते राजस्थान सरकार और कांग्रेस दोनों ने चुप्पी साध रखी है।
सूत्रों का कहना है कि सोनिया व राहुल की सुरक्षा व्यवस्था के चलते उन्हें भी राजभवन में ही ठहराने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा तीन सितारा होटल राजविलास पैलेस में हो रही तैयारियों को देखते हुए सोनिया व राहुल के यहां ठहरने के भी कयास लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री व राज्यों की कांग्रेस सरकारों के मुख्यमंत्री व मंत्री तथा पार्टी के नेताओं के तीन सितारा होटलों में ही ठहरने की व्यवस्था की गई है। शिविर में शामिल होने वाले दो हजार मेहमानों के लिए इस स्तर के 35 होटल बुक किए गए हैं।
आमजन के लिए आधा घंटा
जयपुर में शिविर की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस पार्टी के इस कार्यक्रम में राजस्थान सरकार जमकर पैसा खर्च कर रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शिविर की तैयारियों को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। वह खुद हर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी तीन दिवसीय चिंतन शिविर के बीच आम जन के लिए केवल आधा घंटा ही निकाल पाएंगे।