जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता के अपहरण के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
राजधानी के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता (50) का अपहरण करने वाले दो बदमाशों का दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।
विज्ञापन
गुरुवार सुबह सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के बाद जब मोती डूंगरी थाना क्षेत्र निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे, तब दो बदमाश नकली पिस्टल और चाकू लेकर कार में घुस आए। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया और कार को आमेर थाना क्षेत्र की तरफ ले गए।
चलती कार में खुद को बचाने की कोशिश
आमेर इलाके में पहुंचने पर राजीव गुप्ता ने खुद को बचाने के लिए चलती कार का गेट खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया। इस दौरान कार चला रहे बदमाश ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। मर्सिडीज कार पहले एक मोटरसाइकिल से टकराई और फिर एक अन्य वाहन को टक्कर मारते हुए पीली की तलाई के पास कच्चे रास्ते में पलट गई। हादसे के बाद दोनों बदमाश चार्टर्ड अकाउंटेंट को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
आमेर थाना पुलिस ने मौके से राजीव गुप्ता को सुरक्षित दस्तयाब किया और उनकी मर्सिडीज कार बरामद कर ली। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर अशोक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिली रेकी की जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले दो मोटरसाइकिल पर सवार युवक सेंट्रल पार्क के आसपास रेकी करते हुए सीसीटीवी कैमरों में नजर आए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट की गतिविधियों और पार्किंग स्थल की पूरी जानकारी जुटाई थी। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और उनकी आवाजाही के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस टीमों की दबिश जारी
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए डीएसटी और सीएसटी के साथ पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। अशोक नगर थाना अधिकारी हेमंत के अनुसार पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और संदिग्धों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।