बनीपार्क इलाके में मंगलवार सुबह संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई ने कथित तौर पर बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय श्याम बगानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई 58 वर्षीय मुरली बगानी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार श्याम बगानी सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई मुरली ने कथित तौर पर उन पर डंडे से हमला किया और फिर चाकू मार दिया। परिजन घायल श्याम को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढें-
राजस्थान: बच्चे के पासपोर्ट पर पिता का नाम जरूरी नहीं, हाईकोर्ट ने सुनाया अहम फैसला
बनीपार्क थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
24 साल अमेरिका में रहा, 11 महीने पहले लौटा
पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुरली करीब 24 साल अमेरिका में रहा और कारोबार में नुकसान के बाद करीब 11 महीने पहले जयपुर लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में ही रहते हैं। मुरली फिलहाल सीकर रोड स्थित शेखावाटी नगर में रह रहा था।
पुलिस संपत्ति विवाद समेत हत्या के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।