आग हादसे की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस और दमकल को दी गई। लेकिन दमकल गाड़ी 1 घंटे तक घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। अगर समय रहते दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो किसान का नुकसान बच जाता। दमकल और पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया है।
धौलपुर के सैपऊ कस्बे के बिजली घर के सामने शनिवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटने के कारण शार्ट सर्किट से भूसे के कूप में आग लग गई। तेज हवा और धूप होने की वजह से आग फैल गई। तीन कूप और एक झोपड़ी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने निजी स्तर पर आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हो सके। करीब आधे घंटे बाद आसमान से इंद्रदेव की मेहरबानी हो गई। बारिश होने के बाद आग बुझ गई।
यह है पूरा मामला
विज्ञापन
सैपऊ कस्बा निवासी रामवीर पुत्र छोटे ठाकुर ने बताया कि दोपहर को अचानक हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग होने के साथ फॉल्ट हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर नीचे भूसे पर गिर गया। शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने पल भर में चारे के कूप को आगोश में ले लिया। इसके बाद बगल में दो कूप और एक झोपड़ी में भी आग फैल गई। आस पास लोगों ने जब आग की लपटें निकलती देखी तो आवाज लगाई। मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने निजी स्तर पर हेडपंप और समर्सिबल के माध्यम से आग को बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और दमकल को भी सूचना दी। 1 घंटे तक चारे के कूपों में लगी आग धू धू कर धधकने लगी। ग्रामीणों के हताश होने के बाद आसमान में बादलों की घटाएँ छा गई। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। आधा घंटे तक हुई बारिश के बाद आग स्वत् बुझ गई। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। आग हादसे में नुकसान का शिकार हुए रामवीर ने बताया पशुओं का चारा पूरी तरह से जलकर राख हो गया है। इसके अलावा एक झोपड़ी भी आग में धू-धू कर जल गई। पीड़ित के मुताबिक 1 लाख से अधिक का कार्यक्रम नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहा है।
दमकल नहीं पहुंची, ग्रामीणों में आक्रोश
विज्ञापन
आग हादसे की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस और दमकल को दी गई। लेकिन दमकल गाड़ी 1 घंटे तक घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। अगर समय रहते दमकल गाड़ी पहुंच जाती तो किसान का नुकसान बच जाता। दमकल और पुलिस के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।