पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अरशद अली के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए आरोपियों में से एक पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि दूसरे ने 75 हजार नशीली गोलियों की सप्लाई की थी।
मामले में सदर थाना पुलिस ने पांच हजार के इनामी तस्कर छिन्द्रपाल उर्फ छिन्द्रसिंह (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रीगंगानगर जिले के खेत ढाणी 4 बी का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था। 8 जून 2024 को दर्ज हुए एक मामले में पुलिस ने 100 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों गुरप्रीत सिंह और आकाशदीप को गिरफ्तार किया था, जिनसे की गई पूछताछ में उन्होंने यह हेरोइन छिन्द्रपाल से खरीदे जाने की जानकारी दी थी।
पल्लू थाना पुलिस की कार्रवाई
इधर पल्लू थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में नशीली गोलियां बेचने के आरोप में चूरू जिले के किशनपुरा निवासी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। कुलदीप 75 हजार नशीली गोलियों की तस्करी में शामिल था।
यह मामला मई 2022 का था जिसमें गोगामेड़ी और भिरानी थानों में दर्ज मामलों में तीन आरोपियों फारूख, जाकिर हुसैन और राजेंद्र लूणा को 75 हजार नशीली गोलियों के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने इन टैबलेट्स की सप्लाई कुलदीप से होना बताया था।
इसके बाद पुलिस ने लगातार जांच करते हुए तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर कुलदीप की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य तस्करों और नेटवर्क से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।