हनुमानगढ़ कलक्टर कार्यालय के बाहर मौजूद जाट समाज के नागरिक
निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल द्वारा जाट समाज को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान ने तूल पकड़ लिया है। विधायक ने मंगलवार को कहा था कि जाट समाज ने एक जाति विशेष के रूप में मूल ओबीसी का हक छीन लिया है। इस बयान के विरोध में हनुमानगढ़ के जंक्शन स्थित जाट भवन में सर्वसमाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनिधियों ने विधायक के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज में वैमनस्य फैलाने वाला करार दिया। उनका कहा कि विधायक ने राजनीतिक लाभ के लिए जानबूझकर जहरीला बयान दिया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि ओबीसी वर्ग में जाट, सिख, मुसलमान और बिश्नोई समाज भी शामिल हैं, लेकिन विधायक गणेश राज बंसल ने जानबूझकर केवल जाट समाज को निशाना बनाया है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में राजनीतिक स्वार्थ के लिए अन्य समुदायों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम एक ज्ञापन जिला कलेक्टर काना राम को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार ऐसे विधायक से दूरी बनाए और स्थानीय प्रशासन को उचित कार्रवाई के निर्देश दे, जिससे भविष्य में कोई राजनेता इस तरह का विवादास्पद बयान देने का साहस न करे। इस बैठक में बलराम, सुधीर, रामेश्वर, राकेश भांभू, संदीप सहारण, मुकेश, सीताराम और इन्द्रपाल सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।